
Jamshedpur : पिछले बुधवार से मौसम के बिगड़े मिजाज ने चारों तरफ पानी-पानी करके रख दिया है. पर्व-त्योहार के मौसम में बारिश से लोग परेशान हैं. वेस्ट सेंट्रल बंगाल की खाड़ी में हवा के निम्मन दबाव को देखते हुए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व चेतावनी जारी की है. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक जमशेदपुर समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के, मध्यम व भारी बारिश होने की संभावना है. विभाग के अनुसार शुक्रवार यानी धनतेरस के दिन भी पूरे झारखंड में लगभग सभी स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश होगी. इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं 26 अक्तूबर को छोटी दीपावली के दिन राज्य के दक्षिणी तथा मध्य जिलों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी, जबकि शेष भागों में कहीं-कहीं हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. इसी तरह 27 व 28 अक्तूबर को राज्य के दक्षिणी जिलों में एक दो स्थानों पर हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है. राज्य के मध्य जिलों में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़ आते हैं, जबकि दक्षिणी जिलों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां जिला शामिल हैं. मौसम विभाग की चेतावनी पर नजर डालें, तो राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज शामिल हैं. विभाग की ओर से 26 से 28 अक्तूबर तक के लिए पूर्वानुमान जारी किया गया है, लेकिन चेतावनी के तौर पर कुछ नहीं कहा गया है. बताया गया है कि अगले दो दिनों तक मौसम मुख्यत: साफ रहेगा.



