
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत कांड्रा से होकर चौका जाने वाले रास्ते पर चौका से आ रही बस पलट गयी, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गये. घायलों को चांडिल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां तीन की हालत खराब है, जिनको इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है. इस दुर्घटना के कारण हुए सड़क जाम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू भी फंस गये थे. उन्होंने तत्काल वहां राहत कार्य कराने का इंतजाम कराया. वहां उनके फोन करने पर तत्काल दो एंबुलेंस पहुंच गया, जिसके जरिये घायलों को तत्काल चांडिल के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

घायलों की संख्या 14 से अधिक बतायी जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौका से होते हुए कांड्रा की ओर स्टार बस लौट रही थी. यात्रियों की भरी बस काफी तेज थी जबकि विपरित दिशा से बालू लदा एक डंपर आ रहा था. घाटी के पास मोड़ने के दौरान डंपर से गाड़ी नहीं टकरा जाये, इससे बचने के लिए यात्री बस को मोड़ा गया, जिसके बाद बस पलट गयी. घायलों में सरायकेला प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिलीप कुमार, राजनगर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुनील कुमार समेत अन्य लोग शामिल है. कुछ लोगों के सर पर चोटें लगी, तो कुछ का फ्रैक्चर हुआ है. वहीं कुछ लोगों को सामान्य चोटें लगी है. सभी की हालत स्थिर है तथा सभी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. घायलों का हालत जानने सिविल सर्जन डा हिमांशु बरवार भी पहुंचे.



