
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आने वाले नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी (एनआइटी जमशेदपुर) के छात्र एजाज हुसैन की सड़क हादसे में मौत हो गयी. एनआइटी मोड़ के पास बोकारो निवासी मोहम्मद नासीर के 25 वर्षीय पुत्र एजाज हुसैन एक हाइवा की चपेट में आने से गंभीर रुप से घायल हो गये थे, जिनका इलाज टीएमएच में चल रहा था, जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गयी.
इस घटना के बाद परिवार सदमें में है. मृतक एजाज हुसैन के भाई ने टीएमएच में बताया कि उसका भाई 23 अक्तूबर को टाटा कमिंस में स्कॉलरशिप का इंटरव्यू देकर ओला बाइक से लौट रहा था. ओला बाइक से लौटते वक्त एनआइटी मोड़ के पास एक हाइवा से गाड़ी टकरा गयी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. ओला बाइक (ओला कंपनी द्वारा एक चालक के साथ बाइक भेजा जाता है, जो पिक एंड ड्राप कर देता है) का ड्राइवर तो बच गया, लेकिन उसका भाई हाइवे की चपेट में आ गया. बताया जाता है कि युवक सड़क हादसे के बाद तड़पता रहा, लेकिन मदद नहीं मिली, जिस कारण काफी ज्यादा रक्ताश्राव हो गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी. तीन दिनों तक गंभीर हालत में टीएमएच में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गयी.
वह एनआइटी में मैकेनिकल के प्रथम वर्ष का छात्र था और बोकारो जिले का टॉपर भी था. उसके परिवार के लोग टीएमएच में ही थे, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. परिवार इस घटना के बाद से सदमा में है और शव को बोकारो ले गये है. एनआइटी के मैकेनिकल के प्रोफेशर एमए हसन ने बताया कि छात्र काफी अच्छा था और पढ़ाई में अव्वल स्थान रखता है. पढ़ाई पूरी करने के लिए ही वह स्कॉलरशिप की परीक्षा दे रहा था कि हादसे में उनकी मौत हो गयी. यह एक दुखद खबर है.



