
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 4 में रविवार की रात स्थानीय निवासी सूरज कुमार झा को राहुल पांडेय और राकेश पात्रों ने शराब की बोतल और ईट पत्थर से मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद सूरज अपने साथियों के साथ घायल अवस्था में ही कदमा थाना पहुंचा जहां से कदम पुलिस ने उसे इलाज के लिए एमजीएम भेजा।
सूरज के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। सूरज ने बताया कि बीते साल दुर्गा पूजा के समय उसके भाई के साथ राकेश का विवाद हुए था, जिसके बाद राकेश मारपीट की ताक में रहता था। रविवार को वह बस्ती के शीतला मंदिर के पास वह अपने दोस्त के साथ बैठा था, उसी वक्त राकेश अपने साथी राहुल के साथ आया और उस पर शराब की बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद भी वह नहीं रुका और पास रखें पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। वहीं राहुल ने अपने पास चापड रखी हुई थी। दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मामले में थाने में अभी तक किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं की गई है। कदमा थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि राकेश पूर्व में रंगदारी के मामले में जेल जा चुका है।








