
जमशेदपुर : छत्तीसगढ़ के रायपुर से ब्याह कर कर्नाटक के बेंगलुरु गई महिला स्वाति को उसके ससुराल पक्ष को लोग एक साल की बच्ची के साथ अकेला छोड़कर कही गायब हो गए. स्वाति गुरुवार को जमशेदपुर में रहने वाली ननद की तलाश में एसएसपी से मिलने पहुंची. स्वाति ने बताया कि वह रायपुर की रहने वाली है. उसकी शादी बेंगलुरु में रहने वाले आर निलेश के साथ साल 2017 में हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष वाले प्रताड़ित करते थे.

29 जनवरी को अचानक से ससुराल पक्ष के लोग उसे घर पर अकेला छोड़कर चले गए. सभी ने अपना फोन भी बंद कर लिया है. इस मामले में उसने बेंगलुरु के एक थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई है. उसे जानकारी मिली थी कि उसकी एक ननद जमशेदपुर के कदमा स्थित सिंडिकेट कॉलोनी में रहती है. उसे शक है कि सभी ननद के घर पर है. इसी बात को लेकर वह एसएसपी से मिलने पहुंची है. फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.







