
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थानांतर्गत सुनसुनिया गेट के पास एक डंपर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. इसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद डंपर चालक डंपर लेकर तेजी से साकची की ओर फरार हो गया. इधर स्थानीय लोगों ने युवक को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक का नाम निर्णय भगत है, जो नरवा का रहने वाला है. मृण्मय ने बीते साल ही एनएच-33 स्थित अवध डेंटल कॉलेज से डेंटिस्ट की परीक्षा पास की है.

वह वर्तमान में साकची के बाराद्वारी स्थित मेडिकेयर क्लीनिक में प्रैक्टिस कर रहा था. मृण्मय के साथी पंकज ने बताया कि गुरुवार की शाम को वह अपनी गाड़ी से जुगसलाई की ओर से बाराद्वारी स्थित अपने क्लिनिक जा रहा था. सुनसुनिया गेट के पास पीछे से आ रहे एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. मृतक के शव को टीएमएच के शव गृह में रखा गया है. फिलहाल पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.







