
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित गुदरी बाजार के पास सब्जी खरीद रही महिला का पर्स छीनकर भाग रहे चोर को स्थानीय लोगों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। भागने के क्रम में चोर गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर सोनारी पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने उसके पास से महिला का पर्स बरामद किया है। इस मामले में सोनारी एसीबी कार्यालय के पास रहने वाली पिंकी ने पुलिस को बताया कि वह गुदड़ी मार्केट के पास सब्जी खरीद रही थी, इस दौरान पीछे से एक चोर आया और उसका पर्स छीनकर भागने लगा। पर्स में 1000 रुपए नगद पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, और गाड़ी के कुछ कागजात थे। जब वह जोर से चिल्लाने लगी तो स्थानीय लोगों ने चोर को खदेड़ कर पकड़ा। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो चोर ने अपना नाम भगत कुमार राय उर्फ गणेश बताया वह सुनारी के मुहाने का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाने में ही रखा है।






