
जमशेदपुर : होली के ठीक पहले आबकारी विभाग पूरे एक्शन में है. जमशेदपुर के आबकारी विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ शुरू की गयी है. जमशेदपुर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ शुक्रवार को एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने एमजीएम थाना अंतर्गत भिलाई पहाड़ी के समीप एक पियाजियो ऑटो से 24 ट्यूब में अवैध महुआ शराब लेकर जा रहे तीन तस्करों को धर दबोचा. जानकारी देते हुए उत्पाद निरीक्षक प्रवीण कुमार राणा ने बताया कि जब्त शराब लगभग 720 लीटर है और गिरफ्तार तीनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है. वैसे उन्होंने बताया कि तीनों का पूर्व से कोई अपराधिक इतिहास नहीं रहा है. वहीं उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है, कि आखिर असल सरगना कौन है. वैसे बीते 1 महीने के भीतर जमशेदपुर आबकारी विभाग अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है. हालांकि बावजूद इसके शराब माफिया क्षेत्र में सक्रिय हैं.
होली आने के पहले बढ़ जाती है शराब की खपत, एहतियात जरूरी
होली आने के पहले से ही अवैध शराब की खपत बढ़ जाती है. यहीं वजह है कि एहतियात जरूरी है. ऐसे में सप्लायरों द्वारा गलत तरीके से शराब बना दिया जाता है और शराब को बेचा जाता है. इस चक्कर में कभी कभी बड़ी वारदात जहरीली शराब को लेकर हो जाता है. ऐसे में शराब की अवैध कारोबार को रोकने के लिए कोशिशें तेज की गयी है. इसको लेकर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है.


















