
जमशेदपुर : झारखंड में कोरोना वायरस का एक भी मरीज सामने नहीं आया है. राज्य सरकार ने इसको लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है. इसको लेकर राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ नीतिन मदन कुलकर्णी ने कहा है कि किसी तरह का कोई वायरस होने की पुष्टि नहीं हुई है. चार लोगों को रिम्स में संदेह होने पर आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था, लेकिन सारे की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पायी गयी है. ऐसे में कोरोना वायरस का एक भी मरीज झारखंड में नहीं पाया गया है.

हालांकि, स्वास्थ्य सचिव ने यह जरूर कहा है कि झारखंड में कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट जरूर है ताकि इस तरह की बीमारी किसी को नहीं हो और अगर हो तो उसका समुचित इलाज हो सके और इसको फैलने से रोका जा सके. दूसरी ओर, जमशेदपुर जैसे शहर में कोरोना वायरस का जबरदस्त खौफ देखने को मिल रहा है. कोरोना वायरस को लेकर लोग इतने डरे हुए है कि लोग अब मास्क पहनकर घुम रहे है. पुलिस वाले भी मास्क पहनकर ड्यूटी कर रहे है. खास तौर पर अस्पताल और अन्य जगहों पर ड्यूटी करने वाले भी कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सर्जिकल मास्क पहनकर घुम रहे है ताकि किसी तरह का नुकसान किसी को नहीं हो सके. वायरस को रोकने के लिए भी कोशिशें काफी तेज हो चुकी है.


















