
जमशेदपुर : होली को लेकर जिला पुलिस की मेहनत रंग लाई. शहर में होली शांतिपूर्ण रही. हालांकि इस बीच शहर के कुछ इलाकों में मारपीट की घटनाएं सामने आई पर कोई बड़ी घटना नहीं हुई. होली के दिन मंगलवार को उलीडीह थाना अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर एक स्थित रामनगर में दो दोस्तों के झगड़े को सुलझाने गई रितु शर्मा की ही युवकों ने पिटाई कर दी. घटना के बाद रितु को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया. इस मामले में दोनों पक्षो ने उलीडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. एक पक्ष की ओर से रितु शर्मा ने स्थीनीय निवासी अरविंद चौधरी, सतीष, रंजीत, पिंटू और एक अन्य के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाया है. वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सुरेश प्रसाद ने संतोष यादव, शैलेश यादव, सुमन यादव, श्रीकांत शर्मी, रितु शर्मा, सुनैना देवी, गीता देवी, मुन्नी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है. इधर उलीडीह थाना क्षेत्र के कुंवर सिंह बस्ती में भी मारपीट की घटना सामने आई जिसमें सुरेंद्र प्रशाद शर्मी को मारपीट कर सोने की चेन छीन ली गई. सुरेंद्र ने संतोष कुमार, राजेश कुमार विद्यार्थी पर मामला दर्ज कराया है.
मानगो में धराया मोबाइल चोर
मानगो पुलिस ने बिग बाजार के पास से मोबाइल छीनकर भाग रहे मुस्ताक अंसारी को गिरफ्तार किया है. मुस्ताक कुमरुम बस्ती निवासी पप्पू कुमार ठाकुर का मोबाइल छीनकर फरार हो रहा था. स्थानीय लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा. घटना 9 मार्च रात 9 बजे की है.
सिदगोड़ा में छेड़खानी का विरोध करने पर मारपीट
सिदगोड़ा थाना अंतर्गत ट्युब कॉलोनी निवासी टी शारदा ने सिदगोड़ा थाना में बिरसानगर निवासी गणेश प्रसाद के खिलाफ छेड़खानी करने का विरोध करने पर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है. शारदा ने पुलिस को बताया कि गणेश उसके घर पर घुसकर उससे छेड़खानी कर रहा था. इसी का विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करने लगा. पुलिस ने गणेश को गिरफ्तार कर लिया है.
एडीएम के घर घुसकर होमगार्ड जवान के साथ मारपीट
बिष्टुपुर थाना अंतर्गत एडीएम आवास में गृहरक्षकों के बीच मारपीट हुई. इस मामले में गृहरक्षक रामेश्वर घुंघीया द्वारा गृहरक्षक राजेश कुमार शर्मा के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में मारपीट करने की लिखित शिकायत की है. रामेश्वर ने पुलिस को बताया कि राजेश काफी समय तक एडीएम आवास में काम करता आया है. पूर्व में उसे ड्यूटी से हटा दिया गया. 8 मार्च की सुबह वह एडीएम आवास में घुसा औऱ कटहल तोड़ने लगा. मना करने पर उसने पहले गाली गलौज किया और फिर मारपीट की. पुलिस ने राजेश को गिरफ्तार कर लिया है.






