
जमशेदपुर : कोरोना वायरस को देखते हुए भारत सरकार गंभीर है. वहीं कारोबारी इसका भी काला कारोबार करने में लगे है. जनता की सेवाओं को दरकिनार करते हुए कारोबारी नकली सैनिटाइजर बनाकर बेच रहे है. ऐसा ही नकली सैनिटाइजर के कारोबार का भंडाफोड़ बर्मामाइंस और जुगसलाई में गुरुवार को एसडीओ चंदन कुमार ने किया था. शुक्रवार को एक बार फिर से जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की. जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के कमलेश भकत नामक व्यक्ति के मकान में जिला प्रशासन ने छापामारी की, जिसके बाद बाद वहां से बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट सैनिटाइजर और हैंडवाश बरामद किया गया.

इस तरह के सैनिटाइजर और हैंडवाश की सप्लाइ जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे बिहार और झारखंड में की जा रही थै. सैनिटाइजर और हैंडवाश को यहां सिर्फ रंगीन पानी के साथ हल्का नेथलिन की गोलियों को चूर्ण कर मिला दिया जाता था, जिसके बाद इसको तैयार किया जाता था. इससे किसी तरह का कोरोना वायरस का कीड़ा नहीं मरता है और ना ही हाथ साफ होता है. इस छापामारी दल में औषधी नियंत्रण के पदाधिकारी राजीव एक्का, बीडीओ कपिल कुमार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजीव रंजन मौजूद थें. इस संबंध में ड्रग इंस्पेक्टर राजीव एक्का ने पत्रकारों को बताया कि बिना लाइसेंस के अवैध रूप से और बड़े पैमाने पर सैनिटाइजर और हेंडवास अन्य सामग्री बनाने का काम चल रहा था, जिसकी सप्लाइ बिहार और झारखंड में की जाती थी.






