
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना वायरस के संदिग्धों की जांच को लेकर एमजीएम अस्पताल का जांच केंद्र और प्रशासन काफी सख्ती बरत रहा है जबकि सावधानी से पूरी रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय के गाइडलाइन के मुताबिक ही सारा काम चल रहा है. इसके तहत जमशेदपुर में एमजीएम अस्पताल में ही सारे सैंपल की जांच हो रही है. जमशेदपुर ही नहीं बल्कि सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम समेत झारखंड के कई जिलों से सैंपल आ रहे है, जिस कारण जांच रिपोर्ट काफी कम आ रहे है. इसको लेकर काफी सावधानी बरती जा रही है. नयी दिल्ली के तबलीगी जमात से संबंधित लोगों के अलावा कई सारे संदिग्ध मरीजों के कोरोना वायरस की जांच लगातार की जा रही है. कई ऐसे लोगों की तो दोबारा जांच की जा रही है, जिसको लेकर थोड़ा भी संदेह उत्पन्न हो रहा है. जमशेदपुर से लेकर आसपास के इलाके में सौ से ज्यादा लोगों की जांच एमजीएम अस्पताल में की जा चुकी है, जो तबलीगी जमात से आये थे. इसके तहत रविवार को भी जमशेदपुर में चार ऐसे तबलीगी जमात से आये लोगों को पकड़कर जांच कराया गया, जो लोग सामने अब तक नहीं आये थे. पुलिस या प्रशासन कुछ कहने को तैयार नहीं है, लेकिन चार लोगों को कदमा इलाके से जांच के लिए ले जाया गया है. वैसे शनिवार की रात को जो पेंडिंग रिपोर्ट थी, उसकी फिर से जांच की जा रही है. ऐसे बारह की फिर से जांच चल रही है. उम्मीद की जा रही है कि रविवार की देर रात तक सारी रिपोर्ट जारी कर दी जायेगी. चाकुलिया में दो दिनों पहले कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज की हुई मौत की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है. मृत व्यक्ति के सैंपल का दोबारा चेकिंग चलरही है.







