
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावा थाना अंतर्गत रायजामा गांव में बीती रात नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं घटना की सूचना मिलते ही जिले के एसडीपीओ राकेश रंजन दल-बल के साथ पहुंचे और मामले की तफ्तीश में जुट गए. पुलिस ने घटनास्थल से नक्सलियों द्वारा छोड़ा गया पर्चा बरामद किया है. मृतक दंपत्ति का नाम मंडल सरदार और लकीमणि सरदार बताया जा रहा है. मंडल सरदार के शरीर में तीन गोलियों के निशान पाए गए हैं, जबकि उसकी पत्नी के शरीर में एक गोली के निशान पाए गए हैं. फिलहाल घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों का दस्ता शनिवार की देर रात को रायजमा गांव में पहुंचा. गांव में घुसते ही उन लोगों ने मंडल सरदार के दरवाजे पर दस्तक दी. मंडल सरदार ने पहले दरवाजा खोला. दरवाजा खोलते ही नक्सलियों ने उसको धक्का मारकर गिरा दिया. नक्सलियों ने उसको गाली देते ही गोलियां मार दी जिससे वह वहीं ढेर हो गया. जैसे ही नक्सलियों का विरोध मृतक की पत्नी करने लगी वैसे ही नक्सलियों ने उसकी पत्नी को भी गोली मार दी और फिर पर्चा छोड़कर वहां से चले गए. गोलियों की आवाज और नक्सलियों की धमक से पूरा गांव सन्नाटे में आ गया. सारे लोग सहम गए. सुबह में पुलिस को जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मंडल सरदार की मौत के बाद उसके 6 साल और 3 साल का दो बच्चा यतीम हो गया है. बच्चों को समझ नही आ रहा है कि आखिर क्या हो गया है और उनकी गलती क्या थी कि उनके सिर से एक साथ माँ और पिता का साया ही हट गया.














