
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और झारखंड की राजनीति के चाणक्यय सरयू राय पर हाल ही में जीवीएम छोड़ भाजपा में शामिल हुए भाजपा नेता अभय सिंह ने जोरदार हमला किया है. श्री सिंह ने अपने पार्टी के नेता सह अधिवक्ता प्रकाश यादव हत्याकांड मामले पर सरयू राय द्वारा बुधवार को भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर किए गए जुबानी हमला पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि स्वर्णरेखा नापते-नापते जमीन नापने चले गए तो दामन दागदार होगा ही. आपको बता दें कि भाजपा नेता और अधिवक्ता प्रकाश यादव की हत्या का आरोप सरयू राय की पार्टी भारतीय जन मोर्चा के बिरसानगर मंडल संयोजक अमूल्यो कर्मकार सहित चार अन्य लोगों पर लगा है.
इसको लेकर बुधवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरयू राय पर निशाना साधते हुए लोगों को दिग्भ्रमित कर चुनाव जीतने का आरोप लगाया था. इसके बाद सरयू राय ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्हें नसीहत दी थी कि अभी महज छः महीने ही हुए हैं, सक्रिय राजनीति से दूर हुए अभी साढ़े चार साल उन्हें शांत रहना चाहिए. इतना ही नहीं सरयू राय ने उन्हें यह भी नसीहत दिया थी कि शीशे के घरों में रहने वाले दूसरे के घरों में पत्थर नहीं मारते है. सरयू राय का हमलावर तेवर यहीं नहीं रुका उन्होंने पूर्व मुख्य़मंत्री को पिछले 25 सालों के कार्यकाल की भी याद दिलाई और सवाल किया था कि उनके भाई- भतीजे और बेटों ने किस तरह से आतंक फैलाया था.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर के विधायक सरयू राय की 26वीं रामार्चा पूजा के महाप्रसाद में जुटे 50 हजार लोग, आम और खास लोग एक मंच पर दिखे
बिरसानगर के मामले में उन्होंने कहा था कि बिरसानगर एक दो महीने में नहीं बसा है, वहां पिछले पच्चीस सालों से किसकी माफियागिरी चलती थी इसका भी हिसाब मांगा था. साथ सरयू राय ने इशारा किया था, कि वे किसी पर उधार नहीं रखते सूद सहित लौटाते हैं. वहीं सरयू राय ने अभय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि बाहरी लोग भाजपा नेताओं को भ्रमित कर गलत जानकारी दे रहे हैं. इधर बुधवार के जुबानी हमले के जवाब में भाजपा नेता अभय सिंह ने भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव और अनिल मोदी के साथ प्रेस कांफ्रेस कर सरयू राय के आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि सरयू राय को 15 साल पहले हम लोगों ने ही जमशेदपुर पश्चिम सीट की जनता से चुनाव जितवाने के लिए फरियाद लगाए थे. उस वक्त कौन अपना था.
आज उन्हें ही बाहरी बोल रहे हैं. अभय सिंह ने सरयू राय को झगड़ा फसाद कराने वाला नेता करार देते हुए कहा कि वे जहां भी जाते हैं, लोगों को लड़ाकर अपनी राजनीति सेंकते हैं. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक रहते उन्होंने मानगो के सरकारी जमीनों को जमीन माफियाओं के माध्यम से बेचवाकर वहां सरकारी सड़क औऱ नाली बनवा दिया. वहीं अभय सिंह ने सरयू राय को बिरसानगर के मामले में अर्जुन मुंडा का नाम घसीटकर पार्टी में मतभेद फैलाने का काम नहीं करने की नसीहत दी. श्री सिंह ने कहा कि हमारे पार्टी के कार्यकर्ता की हत्या हुई है और आरोपी उनकी पार्टी का हिस्ट्रीशीटर है, सभी ये जान रहे हैं, हम प्रशासन से उसकी गिरफ्तारी की मांग भी न करें.
वहीं अभय सिंह ने सरयू राय को अपने राजनीतिक करियर का हवाला देते हुए कहा कि सूद-ब्याज की बात न करें हम राजनीति के वो खिलाड़ी है, जो चक्रवृद्धि ब्याज जोड़कर वापस लेते हैं. इस दौरान अभ. सिंह ने शायरी और मुहावरों के माध्यम से सरयू राय पर कई शब्दबाण दागे. कुल मिलाकर जमशेदपुर की राजनीति हवा इन दिनों पूरी तरह से गर्म हो चली है. वैसे जिला पुलिस का दावा है कि सभी अपराधी गिरफ्तार कर लिए गए हैं.

दूसरी ओर, भाजपा के नेता अभय सिंह, जिला अध्यक्ष गुंजन यादव समेत तमाम लोगों ने जमशेदपुर के डीसी ऑफिस पर उग्र प्रदर्शन कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की. यहां इन लोगों ने हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन भी किया और नारेबाजी भी की. इस प्रदर्शन में अभय सिंह, गुंजन यादव, महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण, रामबाबू तिवारी, कुलवंत सिंह बंटी, गुरदेव सिंह राजा, देवेंद्र सिंह, रीता मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद थे. इन लोगों ने तत्काल हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की.


















