
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने ट्विटर पर अपनी बातों को रखा है. श्री राय ने कहा है कि अगर घर का कोई व्यक्ति भी किसी अपराध में संलिप्त रहता है तो वह जेल जायेगा. पुलिस अपना काम कर रही है. वे वैसा नहीं है कि किसी समर्थक या रिश्तेदार को अपराध करने की छूट दें. श्री राय ने ताबड़तोड़ सात ट्विट कर लोगों तक अपना संदेश साझा किया है जबकि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और अभय सिंह पर हमला बोला है. एक ट्विट में श्री राय ने कहा है ”कतिपय मित्रों ने ट्विटर पर उलाहना दिया है. कहा है कि पूर्व सीएम क्यों लिखते हैं. नाम बताते डरते हैं क्या? डर की बात नहीं मित्रों,बात ट्विटर/सोशल मिडीया पर सक्रिय जनों के बुद्धिमत्ता की है. थोड़ा लिखने, ज़्यादा समझने की है. नाम सब जानते हैं. मैं भी जानता हूँ कि आप सब जानते हैं.”. एक अन्य ट्विट में श्री राय ने कहा है ”सोशल मीडिया पर सक्रिय मित्रों एवं अन्य भाईयों- बहनों, आश्वस्त रहिये, वह चाहे जो कोई भी हो, कितना भी सगा क्यों न हो, यदि हत्या या कोई भी अपराध में संलिप्त होगा या दोष सिद्ध होगा, उसके लिये हमारी संगत में कोई जगह नहीं होगी. वह तत्क्षण स्वयमेव, निर्दोष साबित होने तक, अलग माना जायेगा.. इसके बाद उन्होंने अभय सिंह पर भी हमला बोलते हुए कहा है ”श्री अभय सिंह टटका भाजपाई हैं. 2005 में निकाले गये, 2020 में शरणागत हुए. 15 वर्षों में उनके और पूर्व सीएम के बीच के अशुभ संवादों से अख़बार भरे पड़े हैं. दोनों बतायेंगे कि उनके घर-परिवार-ख़ानदान-चमचों ने जमशेदपुर में कहां-कहाँ ज़मीन हड़पकर बिना नक़्शा पास कराये इमारतें खड़ी की हैं? इसके अलावा श्री राय यहीं नहीं रुके, श्री राय ने कहा है कि ”मैं छ महीना से जमशेदपुर पूर्वी का विधायक हूँ. पूर्व सीएम मुझ पर बिरसानगर के भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं. बिरसानगर छह माह में नहीं बसा है. गत 25 साल में यहाँ सरकारी ज़मीन बेचनेवाले माफिया को कौन संरक्षण दे रहा था? इस बीच वे ही तो यहाँ के विधायक/मंत्री/मुख्यमंत्री थे. एक अन्य ट्विट में सरयू राय ने कहा है कि पूर्व सीएम (पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का नाम लिये बगैर) के भाई ने निर्दोष सरदार जी को थाना हाजत से खींचकर थानेदार के सामने पीटा. उनके सुपुत्र ने महिला के साथ अश्लील हरकत की, उनके प्रतिनिधि ने भाजपाई से रंगदारी माँगा. उनके हस्तक्षेप से पुलिस चुप्पी साधे रही. वे मुझे भी अपने जैसा न समझें. मेरा नज़दीकी ग़लत होगा, तो खुद पुलिस को सौंप दूँगा. उन्होंने कहा है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री ने और उनके लगुओं-भगुओं ने बिरसानगर के वकील की निंदनीय हत्या पर दिनभर राजनीति किया है. उन्हें आश्वस्त करता हूँ कि उनकी तरह पुलिस की जांच को प्रभावित नहीं करूँगा. पुलिस ने अमूल्यो को पकड़ा है. निर्दोष होंगे तो छुटेंगे, दोषी होंगे तो जेल जायेंगे. पुलिस पर भरोसा है.

















