जमशेदपुर : जमशेदपुर के बस स्टैंड टीओपी में पदस्थापित हवलदार रविंद्र कुमार सिंह की बेटी रिजू सिंह से आरपीएफ के जवान द्वारा शादी के नाम पर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आ है. इस संबंध में रिजू कुमारी ने सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज कराया है. रिजू ने बिहार के गया जिले के रामपुर थाना क्षेत्र निवासी चंद्रशेखर सिंह, सरोज देवी, पवन सिंह उर्फ पप्पू, विक्रम सिंह, पुनम देवी और पम्मी देवी पर शादी के नाम पर पैसो की ठगी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. रिजू के पिता रविंद्र कुमार सिंह बस स्टैंड टीओपी में हवलदार के पद पर पदस्थापित है. रिजू की शादी विक्रम सिंह से होने वाली थी. विक्रम आरपीएफ का जवान है और फिलहाल खुंटी में पदस्थापित है. रिजू ने पुलिस को बताया है कि फरवरी 2020 में विक्रम से उसकी सगाई हुई थी. उस वक्त शादी के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए गए. शादी की तारीख तय नहीं हुई थी. इसके बाद पिता ने शादी के लिए लोन भी लिया. बैंड-बाजा, कैटरिंग आदि की बुकिंग भी कर ली गई पर कोरोना के कारण शादी की तारीख आगे बढती गई. इस बीच मई 2020 तक लड़के के परिवार वाले 12 लाख रुपये ले चुके थे. अब वे लोग शादी से इंकार कर रहे है. कई बार उसके पिता ने रुपये वापस भी मांगे पर वे लोग रुपये वापस करने से साफ इंकार कर रहे है. युवती ने बताया कि शादी के लिए लोन की राशि भी उनके खाते से कट रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.








