
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा चौक के पास बुधवार को पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों का चलान काटा. जांच अभियान के दौरान ही साकची से एक बाइक तेज रफ्तार में आ रही थी,जिसका चालक बिना हेलमेट के था. उसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. भागने के क्रम में ही उसने एक पुलिस कर्मी को धक्का मार दिया जिससे पुलिस कर्मी घायल होकर सड़क पर गिर गया. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर गया. घायल सिपाही का नाम कारा मांझी बताया जा रहा है. इधर पुलिस ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया, उसके साथ एक महिला भी थी. जांच में पुलिस ने पाया की युवक नाबालिक है और उसके पास ना तो गाड़ी के कागजात है और ना ही ड्राइविंग लाइसेंस. पुलिस ने उसे पकड़ कर रखा है. वहीं घायल सिपाही का इलाज एमजीएम अस्पताल में हो रहा है. आपको बता दें कि डीजीपी के आदेश पर रैश ड्राइविंग वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है. इस कड़ी में चेकिंग की जा रही थी कि इसी बीच यह हादसा हो गया और सिपाही ही घायल हो गया. इसको लेकर अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है.













