
जमशेदपुर : जमशेदपुर के धातकीडीह में फायरिंग मामले में बुधवार को पुलिस ने फायरिंग के आरोपी सलमान के नशेड़ी गैंग के एक और सदस्य कदमा रानीकुदर रोड नंबर 4 निवासी सोहेल अख्तर को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में पुलिस ने पहले ही शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 2 निवासी तौकीर उर्फ गोरा और धातकीडीह लाइन नंबर 7 रइस नवाब उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं पुलिस इस मामले में फरार मुख्य आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. ज्ञात हो कि 5 अक्टूबर को धातकीडीह ए ब्लॉक में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. जिसमें मोहम्मद मुस्तकीम और मोहम्मद कयूम की को गोली लगी थी. इस मामले में मर्दाना नशेड़ी ग्रुप का नाम सामने आया था, जिसे कुख्यात अपराधी सलमान चलाता है. दूसरी ओर, धातकीडीह में पिछले दिनों हुए गोली कांड मामले में झामुमो नेता फिरोज खान का नाम सामने आने के बाद बुधवार को फिरोज खान खुद जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने एसएसपी से मिलकर उन्होंने खुद को फंसाए जाने की बात कहते हुए पूरे मामले की जांच किए जाने की मांग की. झामुमो नेता ने बताया कि जिस दिन पुलिस साबित कर देगी कि धातकीडीह ईलाके में हो रहे गोलीकांड के पीछे उनका या उनके परिवार के किसी सदस्य का हाथ है, उस दिन वे खुद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर देंगे. वैसे उन्होंने स्थानीय पुलिस पर परिवार को धमकाने का भी आरोप लगया है. उन्होने इसके पीछे ईलाके में अवैध रूप से संचालित हो रहे शराब और नशे के कारोबार को संचालित करनेवाले गिरोह की साजिश बताया. उन्होंने बताया कि अवैध कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने की सजा उन्हें मिल रही है. उन्होंने एसएसपी को सारे सबूत उपलब्ध कराए जाने की बात कही.












