
जमशेदपुर : साकची स्थित एसएनपी एरिया में समानता स्टोर के पास सोमवार की रात फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दशरथ शुक्ला को मंगलवार को जेल भेज दिया. वहीं दशरथ के साथी विकास कुमार सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है. विकास कुमार सिंह पर फायरिंग में प्रयुक्त देसी पिस्तौल को छुपाने का आरोप है. पुलिस ने विकास के पास से ही हथियार बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन जिंदा गोली भी बरामद की है. पूछताछ में दशरथ ने पुलिस को बताया कि उसने राहुल को उधार में दो लाख रुपए दिए थे पर राहुल ने उसे पूरे पैसे वापस नहीं किए. इसी को लेकर साकची में उससे बात हुई थी. जिसके बाद उसने फायरिंग कर दी. फायरिंग करने के बाद वह विकास के पास गया और देसी पिस्टल उसे रखने के लिए दे दिया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
हालांकि विकास का कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि दशरथ ने हथियार का इस्तेमाल करने के बाद उसे छुपाने को दिया है. अगर उसे यह बात पता होती तो वह हथियार नहीं रखता. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दशरथ द्वारा इस्तेमाल किया गया हथियार किसका है और वह कहां से आया है. इसके साथ ही पुलिस इस मामले में आईपीएल सट्टेबाजी को लेकर भी अनुसंधान कर रही है. सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि दशरथ शुक्ला का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ गोलमुरी थाना में दो और साकची थाना में एक मामला दर्ज है. छापेमारी दल में सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह, साकची थाना प्रभारी कुणाल कुमार, पीएसआई प्रदीप यादव, एएसआई विजय कुमार, एसआई सतीश, हवलदार राजेंद्र सिंह, आरक्षी रमेश कुमार रवि, और सशस्त्र बल के कर्मी शामिल थे.







