जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया, जुगसलाई शाखा के कर्मचारियों से मारपीट मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गयी है. इससे क्षुब्ध बैंक के अधिकारी व कर्मचारी शनिवार को सिटी एसपी से मिले. उन्होंने सिटी एसपी से मिलकर जुगसलाई निवासी आरोपी कौशल किशोर जोशी के दो पुत्र गणेश कर्दमान जोशी और नील माधव जोशी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज व महिला कर्मी के सामने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. बैंक के मुख्य प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद से ही कर्मचारियों में डर का माहौल है, कई कर्मचारी इस डर से काम पर नहीं आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस तरह की घटना से बैंक लोन देने में भी कतराते हैं. अगर ऐसी घटना बार-बार हुई तो कौन बैंक लोन देने को तैयार होगा. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
सिटी एसपी से मिलने आये बैंक के अधिकारी व कर्मचारियों ने घटना के संबंध में बताया कि जुगसलाई निवासी कौशल किशोर जोशी ने बैंक से 9.50 लाख का लोन लिया हुआ है जो कि अब बढ़ कर 10.69 लाख रुपये हो गया है. 26 नवंबर को बैंक कर्मी उनके घर पर लोन रिकवरी के लिए गए हुए थे. कौशल किशोर जोशी ने राशि चुकने में असमर्थता जतायी. इस पर कर्मचारियों के द्वारा कोरोना काल के मद्देनजर चल रही स्कीम के तहत लोन लेकर कुछ हद तक उक्त लोन की राशि चुकता करने का प्रस्ताव दिया गया. इसी बीच उक्त लोग कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. इससे कर्मचारियों को चोट भी आयी. उन्होंने कर्मचारियों को धमकाया भी की अगर वह दोबारा वहां आएंगे तो उन्हें वापस जाने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जुगसलाई थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया है, लेकिन घटना के 3 दिन बाद भी अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है. जबकि बैंक कर्मियों में भय का माहौल होने के राण बैंक का कामकाज प्रभावित हो रहा है.






