
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है. यहां आए दिन मारपीट की घटनाएं आम हो चली है. वहीं पुलिस मामले में समझौता कर देती है. ताजा मामला शातिर अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन से जुड़ा है. चटनी डॉन ने शनिवार देर रात ग्वाला बस्ती निवासी सौम्या रानी के घर घुसकर उनके साथ मारपीट की और गोली से मार देने की धमकी दे डाली. इधर घटना के बाद सौम्या ने 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पीसीआर वैन पहुंची है. हालांकि पीसीआर का कहना है कि वह बस रात भर ही वहां पहरा दे सकती है. सौम्या के पिता शहर से बाहर है उसका पूरा परिवार डरा सहमा हुआ है. सौम्य ने बताया कि छठ पूजा वाले दिन चटनी डॉन ने उससे उसकी स्कूटी मांगी थी जिसे उसने देने से मना कर दिया था. उस दिन भी चटनी डॉन ने काफी हंगामा किया था. हालांकि पुलिस में शिकायत के बाद मामला शांत हो गया था. आज रात चटनी डॉन अपने भाई करण, चाचा मूसा सिंह, संतोष यादव उर्फ मोटूआ के साथ अन्य आठ 10 लोग घर पहुंचे और हंगामा करने लगे. उन्होंने घर के दरवाजे को भी तोड़ दिया. सभी घर में घुसे और उसका बाल पकड़कर मारपीट की और घसीटते हुए बाहर ले गए और उसके साथ युवकों ने छेड़खानी भी की. उन्होंने सोनारी थाना को सूचना दी पर किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं की गई. बता दे की सोना री में इन दिनों आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही है और पुलिस इस ओर कोई ध्यान भी नहीं दे रही है, जिस कारण अपराधियों का मनोबल भी बढ़ा हुआ है.






