
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत आजादनगर क्रॉस रोड नंबर 6 में तीन अपराधियों ने पिस्तौल सटाकर स्थानीय निवासी इफ्तेखार अहमद (65) से छिनतई कर ली. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अपराधियों का पीछा भी किया, पर सभी बाइक पर बैठ कर मौके से फरार हो गए. इधर घटना के बाद इफ्तेखार अहमद मानगो थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत की. घटना के संबंध में इफ्तेखार अहमद ने बताया कि आजादनगर रोड नंबर 2 में उनकी किराना की दुकान है. सोमवार रात को दुकान बंद कर वे अपने स्टाफ ताहिर के साथ घर जा रहे थे. आजादनगर क्रॉस रोड नंबर 6 के पास एक युवक ने उन्हें हाथ देकर रुकने को कहा. उनके रुकते ही उस युवक ने अपने पास रखा पिस्तौल निकला और सर पर सटाकर छिनतई का प्रयास किया. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे युवक ने उनकी जेब में रखे रुपये निकाल लिये. जब उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई तो दोनों युवक भागने लगे. स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया पर गली में एक युवक बाइक लेकर पहले से ही खड़ा था. दोनों उस बाइक पर बैठ कर फरार हो गए. इफ्तेखार के अनुसार उनके पास लगभग 5-6 हजार रुपए थे.






