
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 24 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर यौन शोषण किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. युवती के गर्भवती होने पर अब युवक शादी से इन्कार कर रहा है. युवती ने पटमदा थाने में युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. इधर शिकायत के बाद युवक को जब पुलिस गिरफ्तार करने गई तो युवक घर पर मौजूद नहीं था. फिलहाल पुलिस युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस मामले में युवती ने पुलिस को बताया है कि सरायकेला-खरसांवा जिले के नीमडीह का रहने वाले युवक अर्जुन सिंह से तीन साल पहले उसकी मुलाकात हुई थी. अर्जुन सिंह के रिश्तेदार उसके गांव में रहते हैं, जहां अर्जुन का आना-जाना था. यहीं से दोनों के बीच जान-पहचान हुई. दोनों के बीच प्रेम हुआ. अर्जुन कई बार उसके घर आना-जाना करता था. घर आने के दौरान ही दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने. अब वह तीन माह की गर्भवती भी है. इस बारे में जब अर्जुन को बताया और शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने शादी करने से इन्कार कर दिया. शुक्रवार को पुलिस उसे मेडिकल के लिए माचा स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की तैयारी कर रही है.





