
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत मर्सी अस्पताल में बीती रात अस्पताल के गार्ड अशोक कुमार तिवारी की पिटाई करने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने दो युवकों को जेल भेज दिया. जेल भेजे गए युवकों में गोविंदपुर निवासी रितेश सिंह और सोनू सिंह शामिल है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रितेश की पत्नी गर्भवती है. उसे मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गुरुवार की रात 11 बजे रितेश अपने दोस्त सोनू के साथ अस्पताल पहुंचा और अस्पताल के प्रसूति विभाग में जबरन घुसने का प्रयास किया. जब अस्पताल के गार्ड अशोक ने दोनों को अंदर जाने से मना किया, तो दोनों ने अशोक की पिटाई कर दी. उन्होंने अस्पताल की नर्स से भी बदतमिजी की है. घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने दोनों को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाना ले आई. दोनों को जेल भेज दिया गया है.



