
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र से चाईबासा पुलिस ने भाकपा माओवादी के जोनल कमेटी मेंबर महाराज प्रमाणिक उर्फ राज प्रमाणिक के दस्ता के सक्रिय सदस्य सुखराम रामताई उर्फ सुखराम तामड़िया को गिरफ्तार किया है. सुखराम एक करोड़ के इनामी नक्सली सह केंद्रीय कमेटी सदस्य महाराज प्रमाणिक के लिए काम करता था. उसके खिलाफ टोकलो थाना में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की सुखराम इलाके में घूम रहा है. इसके बाद पुलिस ने एक टीम का गठन किया और सुखराम को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सुखराम ने पुलिस को बताया कि वो महाराज प्रमाणिक के बताये अनुसार उसके दस्ता सदस्यों के लिए राशन, खाना-पीने का सामान एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं को स्थानीय बाजार हाट से खरीदकर उन लोगों तक पहुंचाता था. इसके अलावा वह टोकलो पैदमपुर, लांजी, दड़कदा आदि क्षेत्र में घूम-घूम कर पुलिस की गतिविधि से संबंधित सूचना एकत्र कर महाराज प्रमाणिक को जानकारी देता था. 7-8 फरवरी 2021 को लांजी पहाड़ पर महाराज प्रमाणिक के दस्त एवं पुलिस बल के साथ हुए मठभेड़ के दौरान भी दड़कदा में रहकर लगातार पुलिस की गतिविधि की जानकारी महाराज प्रमाणिक तक पहुंचाने का काम कर रहा था. मंगलवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. छापामारी दल में चक्रधरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक चन्द्रशेखर कुमार, टोकलो थाना प्रभारी विल्सन गुड़िया, एसआई रवि कुमार महतो, एसआई रामदेव कुमार यादव के अलावा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.














