
पुष्पारानी तिर्की और हरपाल सिंह थापर. 
गीता देवी और आदित्य सिंह.
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर और सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष पुष्पा रानी तिर्की के अलावा ट्रस्ट की वार्डन गीता देवी और उसके बेटे आदित्य सिंह को पुलिस बुधवार सुबह छह बजे जमशेदपुर लेकर पहुंची. इनके साथ वार्डन गीता देवी की बेटी भी शामिल थी. सभी को बिरसानगर थाने में रखा गया है. सभी से मामले में पूछताछ की जाएगी. सभी आरोपी मध्यप्रदेश के सिंगरौली में डेरा जमाए हुए थे. पुलिस ने उन्हें मोबाइल नंबर से ट्रैक किया. सटीक लोकेशन मिलने पर एसएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम मौके पर पहुंची और वहां से पांच लोगों को हिरासत में लिया जिसमे संचालक हरपाल सिंह, पुष्पा रानी तिर्की, गीता देवी, गीता का बेटा आदित्य शामिल है. सभी को सड़क मार्ग से शहर लाया गया. पुलिस अभियुक्तों को हिरासत में रखकर पूछताछ जारी रखेगी. बता दे कि बीते दिनों ट्रस्ट से दो नाबालिग फरार हो गई थी. पुलिस ने दोनों को बिरसानगर जोन नंबर दो से बरामद किया था. दोनो ने पुलिस को बताया था कि ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर उसके साथ यौन शोषण करते थे. पहनने को कपड़े नही देते थे. वार्डन गीता देवी से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी जिस कारण वे दोनो भाग गई. इस मामले में हरपाल सिंह, सोनी केविड, गीता देवी, सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष पुष्पा तिर्की और आदित्य सिंह पर छेड़खानी और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था. इधर एनसीपीसीआर ने मामले को संज्ञान में लिया और जिले के उपायुक्त को सात दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा था. इस मामले में यह भी बात सामने आई थी कि ट्रस्ट के लिए जो सरकारी सहयोग आता था उसे हरपाल सिंह अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था.




