
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे घाटशिला व्यवहार न्यायालय के बाहर वकीलों के लिए बने सिरिस्ता में 15 फीट उंची दीवार गिर गई. इस घटना में दीवार के नीचे बैठे चार लोग दब कर घायल हो गए जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मरने वालों में मुसाबनी बधिया के रहने वाले 65 वर्षीय कुलिन महाली शामिल है, जो वहां अपने काम से आया था, जां दीवार गिरने से उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी. घायलों में अधिवक्ता सत्यजीत बक्शी, गुरुचरण महतो और अपने एक काम के लिए आए शेख निरुद्दीन और पुलिन महाली शामिल है. स्थानीय वकीलों द्वारा सभी को दबे मलबे से किसी तरह बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. जहां से सभी को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. सत्यजीत बक्शी और पुलिन महाली को सिर पर गंभीर चोट लगी है वहीं शेख निरुद्दीन को कमर में चोट आई है. इधर सूचना पाकर विधायक रामदास सोरेन अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. मिली जानकारी के अनुसार व्यवहार न्यायालय के बाहर सिरिस्ता से सटे एक निजी घर की दीवार लगती है. दीवार काफी कमजोर है. मंगलवार को हमेशा की तरह वकील वहां बैठकर काम कर रहे थे तभी अचानक दीवार गिर गई. इस घटना में कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई है. (नीचे पूरी घटना की तस्वीरें देखें)









