
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत बड़ानंदा के पास ट्रेलर के चालक और खलासी को गोली मारकर ट्रेलर लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में बिहार के बेगुसराय निवासी प्रदीप कुमार राय और लूटे हुए ट्रेलर की खरीद करने वाले पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी दिलीप गोराई को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनकी निशानदेही में लूटे गए ट्रक , घटना में प्रयुक्त कार, एक जिंदा कारतूस और 5700 रुपये नकद बरामद किए है. जानकारी देते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 29 सितंबर की रात को बड़ानंदा के पास अपराधियों ने ट्रेलर चालक और खलासी को गोली मारकर ट्रेलर लूट लिया था. दुसरे दिन मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने छानबीन शुरु की. छानबीन में यह बात सामने आई कि घटना में एक ग्रे रंग का ऑल्टो कार का इस्तेमाल किया गया है. पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में पाया कि 30 सितंबर को ट्रेलर टोल गेट से पार हुआ है इसके साथ ही कार भी पार हुआ है. जांच करने पर पता चला की कार प्रदीप की है जो फिलहाल बड़बिल में रह रहा है. इसके बाद दो टीम बनाई गई जिसमें एक का नेतृत्व जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इकुड़ डुंगडुंग और किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजुर कर रहे थे. टीम ने छापेमारी करते हुए प्रदीप को कार के साथ गिरफतार किया. प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसने दो साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया था और लूटे हुए ट्रेलर को 4.5 टन आयरन स्पंज दीपक त्रिवेदी के टाल में बेच दिए थे. पुलिस ने दीपक त्रिवेदी की टाल में छापेमारी कर आयरन स्पंज जब्त किया और माल खरीदने वाले दिलीप गोराई को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है.







