
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में मंगलवार को जमशेदपुर साइबर थाना की पुलिस ने दबिश दी. साइबर पुलिस ने यहां क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट में काम करने वाली दो युवतियों को ठगी के आरोप में हिरासत में लिया और अपने साथ पुछताछ के लिए ले गई. इस तरह पुलिस द्वारा बैंक में पहुंचने से लोग कुछ समझ नहीं पा रहे थे. इधर पुलिस ने दोनों युवतियों से पुछताछ की पर मामले में दोनों की संलिप्तता नहीं पाए जाने पर दोनों को छोड़ दिया गया. मामले में जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी उपेंद्र मंडल ने बताया कि बीते दिनों शहर के कई लोगों से क्रेडिट कार्ड के नाम पर फोन कर ठगी की जा रही थी. पीड़ितों द्वारा थाने में लिखित शिकायत की गई थी. इस मामले में जब अनुसंधान किया गया तो यह जानकारी मिली की एक व्यक्ति को ठग का फोन आने के ठीक पहले एक नंबर से क्रेडिट कार्ड के लिए फोन किया गया था. पुलिस ने जब उस नंबर की जानकारी निकाली तो वह नंबर एसबीआई में काम करने वाली युवती का निकला. दोनों से पूछताछ करने में संलिप्ता नहीं पाई गई, जिसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया.







