
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के शेषनगर थीम पार्क के पास स्थित मां मनोकामना मंदिर परिसर में बुधवार को एक नंगे युवक ने मंदिर परिसर में घुसकर एसिड पी ली. इसके बाद उक्त युवक की मौत हो गयी. इश घटना में मारे गये युवक के बारे में जानकारी नहीं मिल पायी है. बताया जाता है कि गोविंदपुर के उक्त मंदिर में पूजा कमेटी के लोग पूजा करने के लिए साफ-सफाई का काम कर रहे थे. इसी बीच अचानक से एक युवक नंगी हालत में वहां घुसा और काली मंदिर के बगल के शिव मंदिर में तांडव करने लगा. जब युवक को निकालने की कोशिश कमेटी के लोगों ने किया तो युवक ने हाथ में लिये बोतल से एसिड फेंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद सारे लोग वहां से पीछे हट गये. एक हाथ में वह पानी का बोतल रखा था तो दूसरे हाथ में एसिड रखा था. इसी बीच अचानक से युवक ने खुद एसिड पी ली. इस बीच कमेटी के लोगों ने उस पर पानी का फव्वारा फेंकना शुरू कर दिया. इस बीच वह एसिड पीने के बाद छटपटाने लगा और मंदिर के चौखट पर ही वह गिर गया. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी, लेकिन तब तक उक्त युवक की मौत हो गयी थी. उसकी हरकतों ने लोगों को सकते में डाल दिया था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उक्त युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है. बताया जाता है कि उक्त युवक आसपास का ही है, जिसको कभी कभी लोगों ने पागलों की तरह घुमते देखा है. उक्त युवक की उम्र करीब 35 साल बतायी जा रही है.














