
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत आजादनगर रोड नंबर छह के पास रविवार की रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने छिनतई का प्रयास किया. विरोध करने पर अपराधियों ने मारपीट की और पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया. अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की. इस घटना में मो आरिफ और उसके साथी मो नूर को चोट आई है. इधर सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. हालांकि पुलिस ने घटनास्थल पर खोखा ढूंढा पर खोखा नही मिला, स्थानीय लोग भी डर से कुछ नही बता रहे है. घटना के संबंध में घायल मो नूर ने बताया कि वह अपने साथी मो नूर और मुमताज के साथ अपने घर गौस नगर की ओर जा रहा था. आजादनगर रोड नंबर छह के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोका और उससे मोबाइल और रुपए की छिनतई करने लगे. विरोध करने पर उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकाला और उसके बट से वार कर दिया. यह नजारा आस पास के लोग देख रहे थे पर किसी ने उनकी मदद नही की. अपराधियों ने मो आरिफ से मोबाइल भी छीन लिया और जाते जाते दो हवाई फायरिंग की. नूर ने बताया कि अपराधियों ने फायरिंग करने के बाद खोखा उठाया और अपने साथ ले गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.






