
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित जवाहरनगर रोड नंबर 6 से गायब 15 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने कोवाली निवासी 21 वर्षीय राजू भगत के घर से बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने राजू भगत को गिरफ्तार किया है. सोमवार को पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा है, मंगलवार को पुलिस मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 का बयान दर्ज कराएगी. इस मामले में नाबालिग के परिजनों ने मानगो थाना में राजू के खिलाफ नाबालिग को बहला फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरु की और नाबालिग को राजू के घर से बरामद कर लिया.







