
मुंबई : देश के डिस्को किंग बप्पी लाहिड़ी अब इस दुनिया में नहीं रहे. मंगलवार देर रात 69 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल अंतिम सांसें ली. बीते 6 फरवरी को स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन हुआ था. अब संगीत की दुनिया से एक और दु:खद खबर सामने आई है. देश को डिस्को सॉन्ग से परिचित कराने वाले मशहूर संगीतकार बप्पी लहरी ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है. बप्पी लंबे समय से बीमार चल रहे थे. अंतिम बार सार्वजनिक रूप से सलमान खान के साथ बिग बॉस में नजर आए थे. जहां वे अपने पोते के गाने को प्रमोट करने पहुंचे थे. उस समय भी बप्पी लहरी की आवाज सही तरीके से नहीं निकल पा रही थी. साथ ही वे चल भी नहीं पा रहे थे. देश में 80 और 90 के दशक में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने वाले संगीतकार और गायक बप्पी लाहरी की मौत से पूरा बॉलीवुड स्तब्ध है. उन्होंने अपने सफर के दौरान कई हिट सॉन्ग गाए हैं. उन्होंने अमर संगीत, आशा ओ भालोबाशा, अमर तुमी, अमर प्रेम, मंदिरा, बदनाम, रक्तलेखा, प्रिया जैसी बंगाली फिल्मों में हिट गाने दिए. वे 1980 और 1990 के दशक में वर्दत, डिस्को डांसर, नमक हलाल, शराबी, डांस डांस, कमांडो, साहेब, गैंग लीडर, सैलाब जैसे फिल्मी साउंडट्रैक के साथ लोकप्रिय हुए थे. अस्पताल के निदेशक डॉ दीपक नामजोशी ने पीटीआई को बताया कि “लाहरी को एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सोमवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके परिवार ने एक डॉक्टर को उनके घर बुलाया. उन्हें फिर अस्पताल लाया गया. उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं. उनकी मृत्यु हो गई. 27 नवम्बर 1952 कोलकाता में जन्में बप्पी लहरी ने अपने अलग अंदाज की वजह से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी. लोगों के बीच उनकी पहचान एक ऐसे संगीतकार की है, जो हमेशा सोने के आभूषणों से लदे रहते थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
झारखंड में अंतिम बार 2018 मे आये, जमशेदपुर में 4 बार शो के लिए आये हैं
बप्पी लाहरी के गीत और संगीत को झारखंड के लोगो ने भी सुना है. अंतिम बार बप्पी लाहिड़ी का आगमन झारखंड के हजारीबाग ज़िले में मई 2018 को हुआ था. बप्पी लाहिड़ी ने लाइव परफॉर्मेंस किया था और बयान दिया था कि हजारीबाग के लोगों ने उनका दिल जीत लिया. महान गायक और संगीत निर्देशक बप्पी लाहिड़ी जमशेदपुर में चार बार शो कर चुके है. वे 1965 में जमशेदपुर पहली बार आये थे. कीनन स्टेडियम में उस वक्त इसका आयोजन हुआ था. उस कार्यक्रम में पूरे कोल्हान से लोग आये थे. उस कार्यक्रम में बप्पी लाहरी के साथ मुबारक बेगम समेत कई कलाकार आये थे. टेल्को के सबुज कल्याण संघ में भी वे यहां आये थे. 1965 में ही उनका यहां कार्यक्रम हुआ था. इसके अलावा एग्रिको सिविक्स क्लब में भी आयोजन हुआ था. कदमा के फार्म एरिया में भी उनका एक कार्यक्रम हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने गीत और संगीत से सबको झुमा दिया था. इसके अलावा वे एक बार एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे. 1998 के आसपास उनका यहां कार्यक्रम आयोजित हुआ था.




