
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के कल्याण विहार निवासी दिलीप कुमार डेंगरा के घर में चोरी होने के 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने मामले का खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में 14 वर्षीय एक नाबालिग और चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति अशोक जायसवाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी के गहने भी बरामद कर लिया है. जानकारी देते हुए उलीडीह थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल ने बताया कि कल्याण विहार निवासी दिलीप कुमार ने मंगलवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि उनके घर से सोने और चांदी के गहने समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली गई है, जिनकी कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपए है. शिकायत मिलते ही वरीय पदाधिकारियों के आदेश पर जांच शुरू की गयी और एक निरुद्ध बालक को पकड़ा गया. निरुद्ध बालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि चोरी का सामान आरके ऑटोमोबाइल के अशोक जायसवाल को 250 रुपए में बेच दिया है. अशोक ने उसे यह कहा कि सारे जेवरात नकली हैं और सिर्फ 250 रुपए ही दिए. पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार किया और उसके पास से जेवरात बरामद कर लिया. निरुद्ध बालक को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि अशोक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.








