डीएसपी मुसाबनी का बयान-video.
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे पोटका और जादूगोड़ा इलाकों में हो रही लगातार चोरी से स्थानीय लोगों के साथ साथ पुलिस भी परेशान थी. इधर पुलिस ने इलाके में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मुख्य सरगना समेत चाल अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए अपराधियो में मुख्य सरगना मानगो पोस्ट ऑफिस रोड निवासी गोविंदा डे, पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव निवासी मो तबरेज उर्फ आला, हल्दीपोखर निवासी मो इम्तियाज उर्फ राजू और मो तौफिक उर्फ निक्कू शामिल है. पुलिस ने इनकी निशानदेही में चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है. आरोपियों के द्वारा पोटका और जादूगोड़ा के अलावा आस-पास के इलाकों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया था. जानकारी देते हुए डीएसपी मुसाबनी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि 29 दिसंबर 2021 को जादुगोड़ा थाना के एक शराब दुकान के शटर को काटकार लगभग एक लाख के शराब की चोरी कर ली गई थी. इसके अलावा पोटका के कलिकापुर में भी 15 फरवरी की रात एक सरकारी शराब दुकान के शटर को काटकर शराब की चोरी कर ली गई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

वहीं 18 फरवरी की रात को भी पोटका के हेसलबील रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला काटकर सामानों की चोरी कर ली गई थी. इसी रात कोवाली के एक राशन दुकान का ताला काटकर चोरी करने का प्रयास किया गया था. मामले का अनुसंधान करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम का गठन कर छापेमारी की गई और घटना में प्रयुक्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. छापेमारी के दौरान इम्तियाज और तौफिक के घर से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी की शराब भी बरामद की है. इनके द्वारा चोरी के अन्य सामानों को बेच दिया गया है जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि इस घटना में कई और लोग भी शामिल है जिसमें इलाके का शातिर अपराधी छोटू की है. छोटू और गोविंदा की पहचान जेल में हुई थी जहां दोनो ने मिलकर चोरी का प्लान बनाया था. बाहर निकलते ही दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. इनके द्वारा गैस कटर का इस्तेमाल कर चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. छापामारी दल में डीएसपी मुसाबनी चंद्रशेखर आजाद, पुलिस निरीक्षक जादूगोड़ा अंचल इंद्रदेव राम, जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनिल कुमार कुशवाहा, पोटका थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा, कोवाली थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास, डुमरिया थाना प्रभारी विनोद टुडू, पोटका थाना एसआई गौतम कुमार, कोवाली थाना एसआई रितेश तिग्गा,पोटका थाना हवलदार शिवशंकर टुडू, महिला आरक्षी डोली कुमारी और आरक्षी सुंदर राम के अलावा सशस्त्र बल शामिल रहे.






