जमशेदपुर : जमशेदपुर के भुइयांडीह में स्थानीय लोगों और ट्रक चालकों ने हंगामा कर दिया. इन लोगों ने मिलकर रोड जाम कर दिया. इस कारण करीब आधे घंटे तक रोड जाम रहा. बताया जाता है कि भुइयांडीह में नो इंट्री खुलने के बाद ट्रक और ट्रेलरों का आवागमन हो रहा था. इसी बीच युवकों ने ट्रकों और ट्रेलरों से लूटपाट शुरू कर दी. इन लोगों ने ट्रक चालकों से पैसे लूटना शुरू कर दिया. इसके बाद जिसने विरोध किया, उसकी पिटाई कर दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस तरह के उत्पातियों ने मिलकर लूटपाट भी की और कई चालकों की पिटाई भी कर दी. इसके बाद ट्रक और ट्रेलर चालकों ने मिलकर रोड को जाम कर दिया. इन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. इन लोगों का कहना है कि इस तरह की लूटपाट की घटनाएं हमेशा होती रहती है, जिसका वे लोग जोरदार विरोध करेंगे. सूचना पाकर वहां ट्राफिक डीएसपी कमल किशोर पहुंच गये. ट्राफिक डीएसपी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ट्रक चालकों और खलासियों के साथ बातचीत की और तत्काल कार्रवाई करने का भरोसा दिया. इसके बाद किसी तरह जाम को हटाया जा सका. डीएसपी कमल किशोर ने कहा है कि इस मामले के दोषियों को चिन्हित किया जा रहा है. ऐसे तत्वों से पुलिस सख्ती से निबटा जायेगा.














