जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थानांतर्गत बिरसा बस्ती में स्थानीय पंचवटी नगर रोड नंबर-1 निवासी युवक को मारपीट कर जख्मी कर देने व उसकी जेब से रुपये निकाल लेने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पंचवटी नगर निवासी नितेश तिवारी ने सोनारी थाना में एफआईआर दर्ज कराया है. घटना पिछले 30 अगस्त की बतायी जाती है. भुक्तभोगी नितेश तिवारी ने बताया है कि मंगलवार (30 अगस्त) को वे अपनी गाड़ी से अपनी नानी के घर जा रहे थे. उसी क्रम में बिरसा बस्ती जोन नंबर-4 में गोपी सरदार, राजेश महतो, मोनू धीवर, आस्तिक धीवर व अन्य दो लड़कों ने उन्हें रोक लिया. उसके बाद वे नितेश से शाम को खर्च करने के लिए मांगने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
नितेश ने उन्हें पैसे देने के इन्कार किया, तो उन्होंने घेर कर मारपीट करना शुरू कर दिया. इस क्रम में रड और बांस से भी हमला किया. जिससे उनका दांत टूट गया. मारपीट के दौरान नितेश के सिर व चेहरे समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट आयी है. नितेश ने पुलिस को बताया है कि आरोपियों ने उनकी जेब से 800 रुपये भी निकाल लिये. उन पर जान मारने की नीयत से हमला किया, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच-बचाव से वह बच गये. उसके बाद पीसीआर वैन आकर उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज हुआ. नितेश तिवारी ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.






