
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन का दौरा करने के लिए झारखंड के रेल पुलिस महानिदेशक (डीजी रेल) अनिल पालटा पहुंचे. उन्होंने यहां आने के बाद पूरे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जाना. जमशेदपुर के रेल एसपी ऋषभ झा के साथ उन्होंने अपराध की समीक्षा की. इस दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन में हो रही घटनाओं के बारे में जानकारी ली. डीजी रेल अनिल पलटा सुबह 10 बजे से करीब तीन घंटे तक रहने के बाद वापस लौटे. इस दौरान उन्होंने रेल जिला में पुराने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उसके शीघ्र निष्पादन का आदेश रेल एसपी को दिया. रेल एसपी ऑफिस में रेल डीजी ने पत्रकारों से बातचीत की. उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण ट्रेनों में रेल पुलिस शीघ्र ही फिर से स्कार्ट शुरू करेगी, ताकि यात्रियों को बेहतर सुरक्षा मिल सके. उन्होंने कहा कि इसके साथ ही रेल में बढ़ते अपराध को लेकर मैनपावर बढ़ाया जायेगा जबकि रेलवे के भवनों को अपना बनाने के लिए भी कार्य किये जायेंगे. डीजी रेल अनिल पालटा ने कहा कि स्टेशन क्षेत्र को में यात्रियों से होने वाले अपराध पर अंकुश लगाना प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि यात्री सुरक्षा के साथ खनन माफिया, आयरन ओर माफियाओं पर भी अंकुश लगाने में जोर दिया जा रहा है. ऐसे में आयरन ओर चोरी के मामलों की समीक्षा करते हुए उसके निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. रेल के भवनों का भी कायाकल्प किये जाने की योजना है. इस दौरान रेल एसपी ऋषभ कुमार झा, मुख्यालय के रेल डीएसपी हिमांशु कुमार मांझी, टाटानगर रेल थाना प्रभारी यदु साव व मुख्यालय के पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक से निकलकर डीजीपी ने रेल एसपी ऑफिस का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मुख्यालय छोड़ते वक्त उन्होंने रेल एसपी से लेकर जवान तक के साथ हाथ मिलाया और रवाना हो गए.






