रांची : झारखंड के गुमला जिला स्थित रायडीह प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव मझगांव जामटोली में बीती रात एक शराबी नौकर ने अपने मालिक और मालकिन की हत्या कर दी, जबकि उनकी बेटी को मार कर घायल कर दिया. घटना रात करीब 10 बजे की बतायी जाती है. जानकारी के अनुसार डुमरी निवासी सत्येंद्र लकड़ा ने अपने ही मालिक 65 वर्षीय रिचर्ड मिंज, उनकी पत्नी मिलानी मिंज, पुत्री टेरेसा मिंज को टांगी से काट कर घायल कर दिया. घटना के बाद पुलिस के द्वारा सभी घायलों को सामुदायिक केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने सभी को रिम्स रेफर कर दिया. रिम्स ले जाने क्रम में रास्ते में ही मिंज दंपति ने दम तोड़ दिया. जबकि उनकी बेटी टेरेसा गंभीर रूप से घायल है. रिम्स में उसका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को धान रोप सभी घर में थे. रात्रि में खाने पीने के दौरान रिचर्ड और नौकर सत्येंद्र के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी. जानकाकी के अनुसार रिचर्ड, मिलानी व उनकी पुत्री एक ही कमरे में सोये हुए थे. नौकर सत्येंद्र लकड़ा रात में अचानक उठा और टांगी से तीनों पर हमला बोल दिया. दूसरे कमरे में सो रहे मृतक के पुत्र पर उसने टांगी चलायी, लेकिन मच्छरदानी लगा होने के कारण उसकी जान बच गई. मृतक का पुत्र अपनी जान बचाते हुए दौड़ कर घर से बाहर निकला और शोर मचाना शुरू कर दिया. इस पर ग्रामीण एकत्र हो गये. उसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी सत्येंद्र को पकड़ कर कमरे में बंद कर दिया. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस घटना की जांच कर रही है.







