जमशेदपुर : गोविंदपुर थानांतर्गत खखड़ीपाड़ा स्थित सिटिलिक लॉजिस्टिक में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए स्थानीय पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. दोनों अभियुक्त सोनू मिश्रा उर्फ डेंगु और संजीत कुमार उर्फ मोनू को पुलिस ने परसुडीह थानांतर्गत गदड़ा कॉलेज के ग्राउंड से गिरफ्तार किया है. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 पीस स्टीयरिंग गियर बॉक्स, जेसीबी से चोरी गयी बैट्री, ताला काटने वाला कटर तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में सूचना मिली थी कि दोनों अभियुक्त उक्त ग्राउंड में हैं, तथा चोरी के सामानों को बेचने की तैयारी में हैं. उसी क्रम में छापामारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. बताया गया है कि दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है. छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल, पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक आशोतोष रजक, सहायक अवर निरीक्षक पवन कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बीर सिंह मांझी, टाईगर-36 व 37 तथा गोविंदपुर थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.







