जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-4 में दुकान बेचने के नाम पर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का एक मामला सामने आया है. वहीं, आजादनगर थाना क्षेत्र में दहेज के लिए महिला से मारपीट करने की घटी है. इन दोनों मामलों में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला
मानगो में दुकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला कोर्ट के आदेश पर स्थानीय थाना में दर्ज किया गया है. मामले के शिकायतकर्ता मानगो रोड नंबर-11 निवासी सुधीर कुजूर हैं. उन्होंने जवाहरनगर रोड नंबर-4 के रहने वाले प्रभात रविकांत तिर्की को आरोपी बनाते हुये मामला दर्ज कराया है. उसका रोड नंबर 4 में एक दुकान है, जिसका सौदा 12 लाख रुपये में किया गया था. उसके बाद सुधीर ने बीते 12 मई, 5 जून और 10 जुलाई को रविकांत को छह लाख रुपये दिए थे. उसके अलावा भी बाकी रूपये देने को कहे थे. बावजूद इसके आरोपी दुकान बेचने से मुकर गया. उसके बाद वह सुधीर को रूपये वापस करने में भी आनाकानी करने लगा. जब सुधीर ने उस पर काफी दबाव बनाया तो उसे
छह लाख का चेक दे दिया गया, लेकिन जब सुधीर कुजूर चेक जमा करने 24 अगस्त को एसबीआइ मानगो पहुंचे तो पता चला कि आरोपी ने बैंक खाता बंद कर दिया है. उसके बाद सुधीर कुजुर ने न्यायालय की शरण ली.
दहेज देने से इंकार करने पर मारपीट, गर्भपात कराने का भी आरोप
आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-17 में दहेज देने से इंकार करने पर सायमा सुल्ताना नामक महिला से मारपीट करने का मामला सामने आया है. महिला का विवाह 6 दिसंबर 2021 को आजानदनगर के शाहनवाज खान से हुआ था. हालांकि शादी के 8 महीने बाद ही उसे दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकाल दिया गया. इस बीच उसने पति समेत घरवालों पर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है. इस मामले में पीडि़ता ने अपने पति शाहनवाज खान के अलावा ससुर शौकत अली, सास हाजरा बेगम, जेठ शादाब खान, देवर इनराम खान और ननद फरहा के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.





