जमशेदपुर : जमशेदपुर के अंतर्गत टिनप्लेट गोल चक्कर के पास एक ओला चलाने वाले युवक सजल कुमार सोनकर से अपराधियों ने कार लूट ली. साथ ही उसका पर्स और मोबाइल भी अपराधी लूट कर फरार हो गए. घटना बीती रात करीब एक बजे की है. लूट का शिकार युवक कदमा के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 1 का रहने वाला है. वह गुरुवार की रात करीब 11:30 कार लेकर घर से निकला था. उसकी गोलमुरी और टेल्को के लिए ओला की बुकिंग थी. वह बुकिंग का आर्डर पूरा करके वापस आ रहा था. उसी दौरान पेट्रोल लेने के लिए गोलमुरी पेट्रोल पंप पर कार रोका. उसी बीच दो बुलेट सवार युवक आए. उनमें से एक ने सिर पर पगड़ी बांध रखी थी. वे उन्हें पहले रांची छोड़ने के लिए कह रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
जब कार चालक नहीं माना तो उसमें से एक युवक जबरदस्ती उसके कार में बैठ गया. फिर कार की स्टेयरिंग पकड़कर उनसे हाथापाई शुरू कर दी. उसके बाद दोनों युवक उन्हें मारते-मारते टिनप्लेट तक ले गए और कार की चाबी छीनने के बाद कार, पर्स और मोबाइल लूट ली. पीड़ित के मुताबिक अपराधियों की नियत उन्हें जान से मारने की थी. तभी एक एंबुलेंस आते हुए उन्होंने देखा और किसी तरह एंबुलेंस पर लटककर चढ़ गए.फिर हॉस्पिटल से फोन कर घटना की जानकारी पुलिस और अपने घर वालों को दी. उन्होंने घटना की लिखित शिकायत गोलमुरी थाने में दर्ज कराई है. सजल कुमार का कहना है कि घटना स्थल के आस पास सीसीटीवी का फुटेज खंगाले से सारी सच्चाई सामने आ जाएगी.





