जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थानांतर्गत दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की घटना प्रकाश में आयी है. बदमाशों ने घटना को परसुडीह थाना से करीब 300 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया है. जानकारी के अनुसार फिनो बैंक का एजेंट हरीश मुखी कलेक्शन के साढ़े चार लाख रुपये लेकर आ रहा था. उसी दौरान युवकों ने उसे रास्ते में रोका और हथियार का भय दिखा कर उसके पास से सारे रुपये लूट लिये. बदमाश पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे, जो घटना को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गये. घटना के बाद पीड़ित युवक परसुडीह थाना पहुंचा और पुलिस से शिकायत की. बताया जाता है कि पीड़ित युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है. वहीं घटना को लेकर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है.












