
आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव पर वार्ड 29 की दिवंगत पार्षद राजमणि देवी के पुत्र मनमोहन सिंह राजपूत ने शनिवार को गंभीर आरोप लगाया है. उन्हें भ्रष्टाचार में लिप्त बताते हुए पूरे मामले की जांच किए जाने की मांग की है. श्री सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर मेयर पर पद का दुरूपयोग करते हुए वार्ड 29 की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है. उन्होंने मेयर पर अपनी मां के कार्यकाल में पास करायी गयी योजनाओं को दसवीं बोर्ड बैठक में खुद को वार्ड के लिए अधिकृत कराकर डेढ़ करोड़ की फर्जी योजना पास करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मेयर ने मेरी मां के निधन के तुरंत बाद अपने पुत्र की वार्ड 29 से यह कहते हुए दावेदारी पेश कर डाली थी कि उनका बेटा छह महीने से वार्ड 29 से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. उन्होंने मेयर से सवाल किया है कि क्या उनकी पार्षद मां की मौत की जानकारी पूर्व से ही मेयर को थी? (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव में सभी का स्वागत है, लेकिन नीतिगत मुद्दों पर उनका विरोध करता रहूंगा. उन्होंने वार्ड 29 में ओडिशा, कदमा, आदित्यपुर-1, रानी कुदर, लंका टोला, बंगाल और शेर-ए-पंजाब के 332 लोगों की सूची मीडियाकर्मियों को उपलब्ध कराते हुए दावा किया है कि आखिर कैसे और किस आधार पर उनका राशन कार्ड वार्ड 29 के पते पर बना है. उन्होंने आशंका जताई है कि सभी उपभोक्ताओं को वार्ड 29 का मतदाता बना दिया गया है, ताकि चुनाव में वे अपने पुत्र को लाभ पहुंचवा सकें. वहीं राशन कार्ड अप्रूव करनेवाले अधिकारियों की भूमिका की जांच कराए जाने की भी उन्होंने मांग की है. उन्होंने डेढ़ करोड़ की योजना के टेंडर से संबंधित दस्तावेज भी मीडियाकर्मियों को उपलब्ध कराया है. उन्होंने पचास लाख की योजना अपनी मां के कार्यालय में पास होने का दावा किया है. उन्होंने मेयर पर पार्टी से ज्यादा परिवार को तरजीह देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वे और उनके परिवार के सदस्य पिछले पंद्रह सालों से निगम में किसी न किसी पद पर रहे हैं. वर्तमान में बहू को वार्ड 28 से पार्षद बनवाने के बाद अब उनकी नजर वार्ड 29 से अपने बेटे के लिए राजनीतिक पृष्ठभूमि तैयार करने पर है. उन्होंने वार्ड 28 की तर्ज पर ही पूरे 35 वार्डो के विकास की चिंता मेयर से करने की गुजारिश की है. उन्होंने कहा है कि वार्ड 29 का ख्याल मेरी मां की मौत के बाद उन्हें करने की जरूरत नहीं. जनता के लिए राजमणि देवी ने विकास के कई पैमाने अपने जीते-जी तय कर दिये. अब चुनाव के बाद ही वे यहां ध्यान दें, तो बेहतर होगा.







