
रांची : पश्चिम बंगाल के चुनाव के बीच ही झारखंड में एक सीट पर उपचुनाव होने वाला है. झारखंड के मधुपुर विधानसभा में उपचुनाव कराने को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अपनी अधिसूचना जारी कर दी. इसके तहत देवघर जिले के मधुपुर में आदर्श आचार संहिता भी लागू कर दी गयी. इसके तहत 23 मार्च से नामांकन दाखिल होने लगेगा. 30 मार्च को नामांकन दाखिल किये जा सकेंगे और 31 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी. 3 अप्रैल तक नामांकन पत्र को वापस लिये जा सकेंगे और 17 अप्रैल को मतदान और 2 मई को मतगणना होगी. उपचुनाव में एक जनवरी 2021 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची को ही मान्य किया गया है, जिसमें इवीएम के साथ साथ वीवी पैट का इस्तेमाल किया जायेगा. आपको बता दें कि मधुपुर विधानसभा से मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने वर्ष 2019 के चुनाव में जीत दर्ज की थी. उनका बाद में इलाज के दौरान मौत हो गयी, जिसके बाद से यह पद खाली है. यहां से राज्य के मंत्री के तौर पर हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल अंसारी को मंत्री बनाया गया है. हफीजुल अंसारी को झामुमो वहां से उम्मीदवार बनाने वाली है जबकि भाजपा अभी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है. वैसे इस सीट पर आजसू ने भी अपना दावा किया है.





