
जमशेदपुर : जमशेदपुर कांग्रेस में जिला अध्यक्ष विजय खां के खिलाफ बगावती माहौल तैयार हो गया है. सोनारी थाना क्षेत्र से यह बगावती माहौल बनना शुरू हुआ है. कांग्रेस में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी और कांग्रेस के सोनारी थाना के अध्यक्ष बंटी शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बंटी शर्मा ने अपने इस्तीफे की जानकारी अपने फेसबुक एकाउंट में साझा की है. बीती रात ही यह फेसबुक एकाउंट पर इस्तीफा सौंपा गया है. इसको लेकर उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है ”जिस प्रकार जमशेदपुर कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष विजय खान द्वारा सोनारी क्षेत्र के कर्तव्यनिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ पक्षपात किया गया है, उससे आहत होकर, मैं बंटी शर्मा कांग्रेस के सोनारी थाना अध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे रहा हूं. आप किसी भी कार्यक्रम में सोनारी के कार्यकर्ता की उपस्थिति देख लीजिये. सोनारी में जनसमस्या को लेकर हमेशा सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ता के साथ पक्षपात किया जा रहा है. जिला अध्यक्ष द्वारा, जिसे हम बरदाश्त नहीं करेंगे.” (नीचे देखे पूरी खबर)

दरअसल, विजय खां ने हाल ही में कई कांग्रेसियों को सम्मानित किया था, लेकिन सोनारी क्षेत्र से थाना अध्यक्ष बंटी शर्मा समेत कई कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर दी गयी थी. विजय खां ने अच्छा काम करने के नाम पर यह सम्मान दिया था, लेकिन सोनारी क्षेत्र में कई कांग्रेसियों की अनदेखी कर दी गयी. बंटी शर्मा करीब दो साल से लगातार कांग्रेस का झंडा लेकर सोनारी क्षेत्र में काम कर रहे है, लेकिन उनकी अनदेखी की गयी. इसके खिलाफ ही यह आवाज उठायी गयी है और अपना इस्तीफा की घोषणा कर दी है. इस बारे में विजय खां से पूछा गया तो उन्होंने कोई जानकारी होने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में इस्तीफे का कोई ओचित्य नहीं है. बंटी शर्मा का कोई गिला शिकवा हैं तो मिल करके ठीक कर लेंगे. सोशल मीडिया में इस्तीफा का कोई मतलब नहीं बनता हैं.



