
जमशेदपुर : जमशेदपुर में घरों और दुकानों में चोरी करने वाले चोर अब मंदिरों को भी निशाना बनाने लगे हैं. ताजा मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र का है जहां संकट मोचन हनुमान मंदिर के दान पेटी को तोड़कर चोरों ने दान में दिए रुपयों की चोरी कर ली. इसकी जानकारी तब हुई जब मंदिर की साफ-सफाई करने वाला बुधवार की सुबह मंदिर पहुंचा. उसने देखा कि मंदिर में रखी दान पेटी का ताला टूटा हुआ है. उसने तत्काल इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन को दी. इधर सूचना पाकर बिरसानगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. मंदिर प्रबंधन के राजन गोराई ने बताया कि रात को मंदिर बंद कर सभी चले गए थे. सुबह साफ-सफाई करने वाले की नजर टूटी हुई दानपेटी पर पड़ी तो उसने उसकी सूचना दी. राजन ने बताया कि दो माह से दानपेटी को नहीं खोला गया था. दो माह में लगभग 10 से 12 हजार रुपए दानपेटी में जमा हो गए होंगे. राजन ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब मंदिर को निशाना बनाया गया है, इससे पूर्व भी मंदिर में चोरी हो चुकी है.




