
कोलकाता : लोकसभा के उप चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गयी है. पार्टियां अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रही हैं. इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री व अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा आसनसोल सीट से लोकसभा उप चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गये हैं. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने इसकी घोषणा कर दी है. उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल संसदीय क्षेत्र और पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार एवं महाराष्ट्र के 4 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने की घोषणा 12 मार्च को की थी. आयोग ने सभी मतदान केंद्रों में उपचुनावों में ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग करने का निर्णय लिया है. पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट उपलब्ध कराए गए हैं. इन मशीनों की मदद से मतदान सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं.



