
चाईबासा : जगन्नाथपुर-हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के सीमांकन में पड़ने वाले दामोदरपुर गांव स्थित ट्रैक्टर से जलावन का लकड़ी उतारने के क्रम में 25 वर्षाय रोया सिंकू नामक युवक 11 हजार हाई टेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया. बाद में युवक को ईलाज के लिए जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थय केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार रविवार को हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोदरपुर गांव स्थित दामोदरपुर फुटबॉल मैदान से एक ट्रेक्टर में जलावन के लिए कच्ची लकड़ी लायी गयी थी. लकड़ी को रोया सिंकू अपने घर के आंगन में ट्रैक्टर से उतार रहा था. उसी क्रम में वर्षों पुराना 11 हजार हाई वोल्टेज तार ट्रैक्टर पर गिर गया, जिससे रोया सिंकू बुरी तरह कमर से नीचे व पेट तक झुलस गया. झुलस जाने के कारण अतड़ी बाहर आ गयी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर के चिकित्सक दीपक कुमार ने स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया. सूचना के अनुसार दामोदरपुर निवासी रोया सिंकू (25) घर बनाने के लिए फुटबॉल मैदान के बगल से कच्ची लकड़ी का रोला ट्रैक्टर में लोड कर अपने घर के आंगन मे गिरा रहा था. आंगन के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की लाईन गुजरी है, जो काफी नीचे है. रोला का एक हिस्सा तार में सट गया और रोला में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से रोया सिंकू बुरी तरह झुलस गया. सदर अस्पताल चाईबासा में उसका इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.







