
जमशेदपुर : धातकीडीह में अवैध रूप से निर्मित मकान पर जुस्को के पदाधिकारी अजीत कुमार त्रिपाठी द्वारा आदेश का उल्लंघन करते हुए बिजली का मीटर लगाने और विरोध करने पर स्थानीय महिला विनीता कुमारी के साथ धक्का-मुक्की किये जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है. इस संबंध में मंगलवार को हिंदू उत्सव समिति ने एसएसपी को ज्ञापन सौंप मामले की जांच-पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. ज्ञापन के माध्यम से विनीता कुमारी ने बताया कि उनके मकान में बने पांच तल्ला को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा अवैध करार दिया गया है. उस तल्ले पर विद्युत विभाग के पदाधइकारी के द्वारा तीन महीने तक विद्युत या अन्य किसी तरह का कार्य करने से रोका गया है. इस आदेश का उल्लंघन करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी व जुस्को के पदाधिकारी के साथ मिल कर उक्त तल्ले पर अबरार अहमद के फ्लैट में पॉवर कनेक्शन देने लगे. विनीता कुमारी ने बताया है कि उनके पति शंभु जायसवाल ने विरोध किया, तो अजीत कुमार त्रिपाठी ने विनीता कुमारी के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौच की. इसके साथ ही विनीता कुमारी ने अजीत कुमार त्रिपाठी पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है. ज्ञापन में विनीता कुमारी ने कहा है कि बिष्टुपुर थाना पदाधिकारी द्वारा कहा गया कि यहां कनेक्शन देना है. उसके बाद उन्हें व उनके पति को हिरासत में लेकर थाना में बैठा दिया गया. उसके बाद उक्त फ्लैट में अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन दे दिया गया. कहा गया है कि अबरार अहमद के विरुद्ध जमानतीय वारंट लंबित है, उन्हें गिरफ्तार किये बगैर उनके घर में अवैध विद्युत कनेक्शन दे दिया गया. इसके मद्देनजर विनीता कुमारी ने नारी पर अत्याचार और अपराधी को खुलेआम सहयोग की दुहाई देते हुए एसएसपी से मामले की अपने स्तर से जांच-पड़ताल व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. ज्ञापन सौंपनेवालों में समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, मंत्री अक्षय कोड़ा, सामाजिक कार्यकर्ता राजा सिंह, शशि, अधिवक्ता सूरज प्रकाश व सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार शामिल थे.







